श्रीनगर:
पूर्व कांग्रेस नेता, राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) अगले 10 दिनों में अपनी नई पॉलिटिकल पार्टी (Political Party) का ऐलान करेंगे। गुलाम नबी आजाद ने जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में एक रैली के दौरान इस बात की जानकारी दी। बीते 26 अगस्त को गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को लिखे पत्र में अपनी नाराजगी का जिक्र किया था। गौरतलब है कि गुलाम नबी आजाद बीते काफी समय से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। कई बार वे बीजेपी के फैसलों की तारीफ भी कर चुके थे।
Jammu & Kashmir | We will announce a new party in ten days: Ghulam Nabi Azad during a public meeting in Baramulla pic.twitter.com/koZwSDd9rx
— ANI (@ANI) September 11, 2022
राहुल गांधी की जमकर आलोचना की थी
गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस पार्टी छोड़ते समय आरोप लगाया था कि पार्टी में सलाह-मशवरा पर अमल नहीं किया जाता। कमियों पर ध्यान नहीं दिया जाता। पार्टी के महत्वपूर्ण पदों पर चाटुकारों का कब्जा हो गया है। उन्होंने कहा कि 2013 में जबसे राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की पार्टी में एंट्री हुई, पार्टी की दुर्गति शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी का पीए और यहां तक की उनके बॉडीगार्ड भी अहम फैसले लेते हैं। दरअसल, गुलाम नबी आजाद उस जी-23 ग्रुप का हिस्सा थे जिन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस में आमूल-चूल बदलाव की सलाह दी थी। इसमें शशि थरूर का नाम भी शामिल था।

बीजेपी में जाने की खबरों को अफवाह बताया
गुलाम नबी आजाद ने जब कांग्रेस पार्टी छोड़ी तो चर्चा थी कि वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन अटकलों पर विराम लगाते हुए आजाद ने कहा कि वे अपनी नई पार्टी बनाएंगे और जम्मू-कश्मीर में होने वाले चुनाव में हिस्सा लेंगे। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि बीजेपी में जाने की बातें महज अफवाह है। जो लोग भी मुझे करीब से जानते हैं वे ये भी जानते होंगे कि मैं बीजेपी के प्रभाव वाले इलाकों में उनका एक भी वोट नहीं बढ़वा सकता और ना ही मैं ऐसा कर सकता हूं।