logo

केरल ब्लास्ट : घटनास्थल पहुंचा NSG का बम निरोधक दस्ता, शाम को आएगी 8 सदस्यीय टीम

घटनास्थल पहुंचा NSG का बम निरोधक दस्ता, शाम को आएगी 8 सदस्यीय टीम

द फॉलोअप डेस्क:

केरल के कोच्चि स्थित कलामासेरी के कन्वेंशन सेंटर में सीरियल ब्लास्ट के बाद नेशनल सिक्योरिटी गार्ड का बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गया है। इस बीच एनएसजी की 8 सदस्यीय टीम वरीय अधिकारी के साथ दिल्ली से केरल के लिए रवाना हो चुकी है। बताया जा रहा है कि यह टीम शाम तक घटनास्थल पर पहुंचेगी। इसके पहले आईबी और एनआईए के अधिकारी छानबीन में जुटे हैं। अब तक घटना में 1 महिला की मौत और 36 लोगों के घायल होने की सूचना है। 

 

केरल सरकार के मंत्री घटनास्थल जाएंगे
इस बीच केरल के पूर्व मंत्री और सीपीआई (एम) नेता एमए बेबी ने कहा कि ब्लास्ट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने कहा कि जिस कलामासेरी इलाके में यह घटना हुई वहां के विधायक पी राजीव सीपीआई (एम) नेता हैं और राज्यमंत्री भी। वह घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जो मंत्री त्रिवेंद्रम में हैं, उन्हें भी तुरंत घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस को घटना की गहन जांच का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि केरल पुलिस इस प्रकार की जांच में पूरी तरह से सक्षम है। यदि, एनआईए केरल पुलिस का सहयोग करना चाहती है तो उनका स्वागत है।

 

कलामासेरी मेडिकल कॉलेज में 10 मरीज भर्ती
इधर, कलामासेरी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के आरएमओ डॉ. गणेश मोहन ने बताया कि इस समय हॉस्पिटल के बर्न आईसीयू (यूनिट) में 10 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 2 लोग वेंटीलेटर पर हैं। 1 की हालत बेहद नाजुक है। बता दें कि सीरियल ब्लास्ट की उक्त घटना में 1 महिला की मौत हो गई। 36 से ज्यादा लोग घायल हैं।