द फॉलोअप डेस्क:
Sitamarhi police encounter: सीतामढ़ी (Sitamarhi) में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दिनेश यादव (Dinesh Yadav murder) हत्याकांड में फरार आरोपितों की तलाश के दौरान मंगलवार देर रात रीगा (Riga) थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के बाद मौके से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बैग में बड़ी संख्या में कारतूस भी मिले हैं।

दिनेश हत्याकांड के आरोपितों की तलाश में निकली पुलिस
पुलिस के अनुसार, छह-सात अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जिला आसूचना इकाई यानी डीआईयू को सूचना मिली थी कि दिनेश यादव हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद आसपास के थानों को अलर्ट किया गया। इसके बाद रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी, डीआईयू टीम और हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी ने रीगा-परसौनी मार्ग पर गश्त शुरू की। इसी दौरान रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन अपराधी घायल
इसके बाद पुलिस के अनुसार, तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें तीनों अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान पुलिस को तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और एक पिट्ठू बैग मिला, जिसमें बड़ी संख्या में कारतूस बरामद होने की बात कही गई है।
.jpeg)
हत्याकांड की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड थाना क्षेत्र के मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र निवासी इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों का लूट, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दिनेश यादव हत्याकांड में इनकी क्या भूमिका थी और इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। साथ ही हथियारों की सप्लाई और इनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।