द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
देवघर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने का ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के बाहर लगे SBI के ATM को पांच चोरों ने रात के अंधेरे में निशाना बनाया। चोरों ने पहले ATM का शटर तोड़ा और इसके बाद पूरी मशीन को ही उखाड़ लिया। मशीन को Xylo कार पर लादने के बाद सभी चोर मौके से फरार हो गए। चोरों ने जिस तरह पूरी ATM मशीन को उखाड़कर गाड़ी पर लादा, उससे ऐसा लग रहा था जैसे वे किसी सामान को लेकर जा रहे हों।

सुबह ATM गायब मिला तो मचा हड़कंप
सुबह स्थानीय लोगों ने जब ATM का शटर टूटा हुआ देखा और अंदर से पूरी मशीन गायब पाई, तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वारदात का तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस के मुताबिक पांच अपराधियों ने मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और ATM मशीन को उखाड़कर Xylo कार में लादकर मौके से निकल गए।

CCTV फुटेज से चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद देवघर पुलिस ने चोरों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर सुबह से छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के जरिए पांचों चोरों की पहचान करने के साथ उनकी Xylo कार का पता लगाने और वारदात के बाद उनके भागने के रूट को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही चोरों तक पहुंचा जा सकेगा।