डेस्कः
समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया है। इस सीट पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी डिंपल यादव चुनाव लड़ेंगी। ऐसे में डिंपल यादव अपने ससुर मुलायम सिंह यादव की सियासी विरासत को आगे बढ़ाते दिखेंगी। आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की ओर से डिंपल यादव के नाम का ऐलान किया गया।

ससुर की विरासत संभालेंगी
सपा ने ट्वीट कर लिखा, "समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव - 2022 हेतु डिंपल यादव पूर्व सांसद को प्रत्याशी घोषित किया गया है." इस संबंध में पार्टी कार्यालय द्वारा जारी चिट्ठी भी जारी कर दी गई है. उसपर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का हस्ताक्षर है। डिंपल यादव इससे पहले भी सपा के टिकट पर सांसद रह चुकी हैं। पहली बार उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट से उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे तब उन्होंने कन्नौज की सीट छोड़ी थी। जहां से डिंपल यादव ने चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2014 में भी कन्नौज की सीट पर जीत दर्ज की थी। अब मैनपुरी के सांसद और पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद फिर से इस सीट पर पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है।