दिल्ली:
मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के रूप में कमान संभालेंगे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी शशि थरूर (Shashi Tharoor) को 6825 वोटों से हराया। बता दें कि मलिकार्जुन खड़गे को कुल 7897 वोट मिले वहीं शशि थरूर को 1072 वोट मिले। इसी के साथ 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर किसी नेता को देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है। खड़गे की इस जीत पर राहुल गांधी,उनके प्रतिद्वंदी शशि थरूर, सचिन पायलट (Sachin Pilot) समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी।

शशि थरूर ने अपने हार को किया स्वीकार
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने बुधवार को अपनी हार स्वीकार कर ली और अपने प्रतिद्वंद्वी मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से कुछ देर बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी। थरूर ने एक बयान में कहा, ‘‘अंतिम फैसला खड़गे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।
राहुल गांधी ने दी बधाई
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में एक ऐसी एकमात्र पार्टी है जिसके अपना इलेक्शन कमिशन है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि अब पार्टी में मेरा रोल भी खंडगे ही तय करेंगे।

खड़गे को दी बधाई
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है, मैं मल्लिकार्जुन खड़गे को इस चुनाव में उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं '' उनका यह भी कहना था कि सर्वाधिक संकटपूर्ण स्थितियों में पार्टी का संबल बने रहने और नेतृत्व प्रदान करने के लिए सभी, निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के ऋणी हैं।

थरूर ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का किया धन्यवाद
थरूर ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष पद का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अपना योगदान देने के लिए मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का धन्यवाद करता हूं।'' कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान किया था।
सचिन पायलेट ने दी बधाई
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सचिन पायलट ने कहा," भारी बहुमत से मल्लिकार्जुन खड़गे जीते हैं, ये लोकतंत्र की जीत है और कांग्रेस पार्टी की जीत है। मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी है। मुझे पूरा भरोसा है कि खड़गे जी का व्यापक अनुभव पार्टी को मिलेगा। लोकतंत्र में इससे बेहतर उदाहरण नहीं हो सकता है, 90 प्रतिशत मत खड़गे साहब को मिला है। आने वाली समस्याओं का सामना हम मिलकर करेंगे।''

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दी बधाई
मल्लिकार्जुन खड़गे के इस जीत पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्यह नेताओं ने बधाई दी है। पीसीसी चीफ मरकाम ने दिल्लीी स्थित आवास पर मल्लिकार्जुन खड़गे को गुलदस्ता भेंट कर छत्तीसगढ़ कांग्रेस परिवार की ओर से जीत की बधाई दी। छत्तीआसगढ़ सरकार के मंत्री रवीन्द्र चौबे ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी है। उन्हों ने कहा, खड़गे के कांग्रेस अध्य क्ष बनने पर पार्टी मजबूत होगी।