logo

क्या बिसलेरी के पानी से हो सकता है कैंसर? जांच रिपोर्ट के बाद कंपनी पर कार्रवाई

 क्या बिसलेरी के पानी से हो सकता है कैंसर? जांच रिपोर्ट के बाद कंपनी पर कार्रवाई

द फॉलोअप डेस्क:

FSSAI Action on Bisleri: जिस बिसलेरी (Bisleri) के पानी को लोग शुद्ध और सुरक्षित समझकर खरीदते हैं, उसी के एक सैंपल की जांच में गड़बड़ी सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। दरअसल, कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इस पानी को असुरक्षित घोषित किया गया है।

लैब रिपोर्ट में मिले हानिकारक तत्व

मामले में जांच के दौरान एक और गंभीर बात सामने आई है। रेफरल फूड लेबोरेटरी की रिपोर्ट में पानी के सैंपल में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) भी पाए गए हैं। ब्रोमेट का निर्धारित सीमा से अधिक होना और PAH की मौजूदगी खाद्य सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। ऐसे में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, यह कार्रवाई जांच में लिए गए एक सैंपल के आधार पर की गई है। इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी के सभी उत्पाद असुरक्षित हैं। रिपोर्ट लिखे जाने तक बिसलेरी इंटरनेशनल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

सेहत से जुड़ा है मामला, कंपनियों पर सख्ती जरूरी

FSSAI ने बिसलेरी के अलावा चार अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं। वहीं, खराब स्वच्छता और रीपैकिंग से जुड़ी गड़बड़ियों के कारण उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि लोग नल के पानी की गुणवत्ता को लेकर आशंकित रहते हैं और सुरक्षित विकल्प के तौर पर बोतलबंद पानी खरीदते हैं। ऐसे में ब्रांड की पहचान से ज्यादा जरूरी उत्पाद की वास्तविक गुणवत्ता है। आखिर पानी जैसी बुनियादी जरूरत में भी अगर उपभोक्ता को सुरक्षा की चिंता करनी पड़े, तो भरोसा किस पर किया जाए?
 

Tags - National NewsBisleri Water QualityFSSAI Action on BisleriBisleri Water Sample FailedBromate in Bisleri Water