द फॉलोअप डेस्क, रांची:
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को मातृशोक हुआ है। उनकी मां का सोमवार को देर रात निधन हो गया। पूर्व सीएम ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। अर्जुन मुंडा ने लिखा कि मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने मां को संबोधित करते हुए लिखा कि तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था। अर्जुन मुंडा ने जानकारी दी है कि आज ही दिवंगत माताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था। आज ही पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। https://t.co/GwR1C3SDdr
— Arjun Munda (@MundaArjun) November 22, 2026
सीएम हेमंत ने भी जताया दुख
सीएम हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई आदरणीय अर्जुन मुंडा जी की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।

मां के करीब थे अर्जुन मुंडा
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा अपनी मां के बहुत करीब थे। वो अक्सर मां के साथ खास पलों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया करते थे। कभी वह मां से पुराना लोकगीत सुनते तो कभी खुद बांसुरी बजाकर उन्हें सुनाते। किसी भी पूजा-पाठ, जन्मदिन और अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर वह मां का आशीर्वाद लेने जरूर जाते थे।