देहरादून:
उत्तराखंड के पौढ़ी गढ़वाल में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की बेरहमी से हत्या कर दी। अंकिता बीते 19 सितंबर से ही लापता थी। पुलिस ने मामले में प्रदेश के पूर्व मंत्री के बेटे सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंकिता की हत्या की वजह काफी चौंकाने वाली है। पुलिस ने आरंभिक जांच के आधार पर बताया है कि अंकिता मुख्य आरोपी पुलकित के रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करती थी। पुलकित चाहता था कि अंकिता रिजॉर्ट में रूकने वाले लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाए। सीधे शब्दों में कहें तो पूर्व मंत्री विनोद आर्काया बेटा अंकिता को वेश्यावृत्ति की तरफ धकेलना चाहता था जिससे अंकिता ने इंकार कर दिया।

अंकिता पर गलत निगाह रखता था पुलकित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलकित ना केवल खुद अंकिता पर गलत निगाह रखता था बल्कि चाहता था कि वो रिजॉर्ट में आने वाले मेहमानों के साथ शारीरिक संबंध स्थापित करे। अंकिता इससे लगातार इंकार कर रही थी। पुलिस को अंकिता के मोबाइल से कुछ व्हाट्सएप चैट और फोन कॉल्स का पता चला है जिसमें अंकिता किसी को बता रही है कि मुख्य आरोपी पुलकित ने उसे जबरन किस करना चाहा। छेड़छाड़ की और रिजॉर्ट में रूकने वाले मेहमानों के साथ फिजिकल रिलेशन बनाने को कह रहा है। पुलिस ने व्हाट्सएप चैट और फोन कॉल्स को बतौर फॉरेंसिक सबूत इकट्ठा कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने से हुआ खुलासा
18 सितंबर यानी घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि रिजॉर्ट से अंकिता सहित कुल 4 लोग बाइक और स्कूटी में सवार होकर बाहर निकले लेकिन लौटे केवल 3 लोग। जबकि, आरंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने पुलिस को कहा था कि अंकिता के बारे में उसे कुछ नहीं मालूम। बाद में बताया कि पुलकित और अंकिता हरिद्वार गए हैं लेकिन उस रास्ते के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने से बात झूठ निकली। पुलिस ने जब पुलकित आर्य सहित 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। घटना को लेकर उत्तराखंड में नाराजगी का माहौल है। लोग विरोध जता रहे हैं।

पुलिस ने पुलकित सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक घटना वाले दिन अंकिता, रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित नाम के शख्स के साथ बाहर गई थी। रिजॉर्ट से कुछ दूर स्थित एक नहर के पास रिजॉर्ट में आने वाले मेहमानों को 'खुश' करने को लेकर अंकिता का पुलकित के साथ विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि इसी विवाद के बीच पुलकित ने अंकिता को नहर में धक्का दे दिया और तीनों युवक रिजॉर्ट लौट आए। पुलिस को अभी भी अंकिता की तलाश है।