द फॉलोअप डेस्क
भारत में कोरोना के मामले हर दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। इस महामारी से बीते 24 घंटों में कुल 6 लोगों की मौत हुई है। देश में अब कुल 6133 सक्रिय केस सामने आए हैं। कोरोना से 6 मौतें केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोविड-19 के देश में सक्रिय मामले बढ़कर 6133 हो गए हैं। इस समय गुजरात में 822, महाराष्ट्र में 595, दिल्ली में 686, तमिलनाडु में 194, पश्चिम बंगाल में 693, कर्नाटक में 366, उत्तर प्रदेश में 219 और केरल में 1950 कोरोना के मामले सक्रिय हैं। बता दें कि केरल में कल के मुकाबले 378 कोरोना के मामले बढ़े हैं।
बीते 24 घंटों में देशभर में 6 लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, कर्नाटक में 2 मौतें हुई हैं, इसमें 46 वर्षीय पुरुष जो कोर पल्मोनेल, पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन (संयोगवश कोविड-19 पॉजिटिव) था और 78 वर्षीय पुरुष, जो इस्कीमिक हार्ट डिजीज, इम्यून थ्रॉम्बोसाइटोपेनिक पर्पुरा (संयोगवश कोविड-19 पॉजिटिव) से ग्रसित था, शामिल हैं। तमिलनाडु में 42 वर्षीय पुरुष, जो अनियंत्रित डायबिटीज मेलिटस, एक्यूट किडनी डिजीज और दौरे की बीमारी से पीड़ित था, उसकी मौत हुई। वहीं केरल में तीन मौतें हुई हैं। इसमें एक 51 वर्षीय पुरुष, जो उच्च रक्तचाप, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, क्रॉनिक किडनी डिजीज - 10-05-2025 को रीनल ऑलोग्राफ्ट, तीव्र ग्राफ्ट डिसफंक्शन से पीड़ित था। दूसरा 64 वर्षीय पुरुष, जो टाइप 2 डायबिटीज मेलिटस, क्रॉनिक किडनी डिजीज, इसोफेगल एडेनोकार्सिनोमा मेटास्टेसिस से ग्रसित था। तीसरा 92 वर्षीय पुरुष, जो कोरोनरी आर्टरी डिजीज - पोस्ट CABG, क्रॉनिक किडनी डिजीज, मल्टीपल मायलोमा, एक्यूट किडनी इंजरी से पीड़ित था, उसकी मृत्यु हुई।
क्या है नए कोरोना वेरिएंट के लक्षण
कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह इसका नया सब-वेरिएंट NB.1.8.1 है। यह कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट का एक प्रकार है। कोरोना का यह नया सब-वेरिएंट NB.1.8.1 तेजी से फैलता है और अत्यधिक परिवर्तनशील है। इस बात की पुष्टि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने की है। इसके सामान्य लक्षणों में शरीर में दर्द, बुखार, खांसी, भूख न लगना, थकान, नाक बहना, गले में खराश और सिरदर्द शामिल हैं।