जामताड़ा:
जामताड़ा पुलिस ने मिहिजाम थानाक्षेत्र के हांसीपहाड़ी स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा है. युवक का नाम राहुल राज है जो 19 साल का है. राहुल, मिहिजाम के ही काननडीह का रहने वाला है. एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.
जानकारी मिली थी कि एक युवक हथियार के साथ इस इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. एसपी ने तत्काल एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी की अगुवाई में विशेष छापेमारी दल का गठन किया था.
पहाड़ी में पुलिस को देख भागने लगा युवक
एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने हांसीपहाड़ी इलाके में घेराबंदी की. तलाशी के दौरान पहाड़ी के पास एक युवक संदिग्ध स्थिति में बैठा हुआ मिला. वह पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने उसे धर-दबोचा.
पिस्तौल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किया
पुलिस ने राहुल राज के पास से मैगजीन लगा हुआ 1 देसी पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने जानकारी दी है कि राहुल राज वांछित अपराधी है. उसके खिलाफ मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है. पुलिस ने राहुल राज के खिलाफ मिहिजाम थाने में कांड संख्या 17/26 दर्ज करके उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे और साथी पुलिसकर्मियों ने अंजाम दिया है.