द फॉलोअप डेस्क
गुमला सदर थाना क्षेत्र के अहरा डाढ़ फुटबॉल मैदान शिलम के समीप सोमवार को पुलिस ने एक युवक का शव और एक स्कूटी बरामद की। मृतक की पहचान शिलम निवासी 21 वर्षीय गणेश सिंह, पिता स्वर्गीय रंजीत सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन शंभू सिंह के अनुसार गणेश रविवार दोपहर गुमला में आयोजित शौर्य यात्रा में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। शाम को वह कुछ समय के लिए घर लौटा और इसके बाद पंदन टोली में एक युवती से मिलने स्कूटी से चला गया। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और वह रात भर घर वापस नहीं लौटा।

सोमवार सुबह परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गाय-बैल चराने गए ग्रामीणों ने अहरा डाढ़ फुटबॉल मैदान के पास एक शव और स्कूटी को देखा। इसकी सूचना तुरंत गांव के लोगों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। थाना प्रभारी सुरेश करमाली ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि युवक की हत्या पत्थर से कुचलकर और गला घोंटकर की गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।