logo

झारखंड में बदलेगा मौसम, रांची और आसपास बारिश के आसार; इस दिन मानसून देगा दस्तक 

RAINY_SEASON.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड का मौसम आज बदल सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवा और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। सोमवार और मंगलवार को बादल थोड़े हल्के रह सकते हैं, लेकिन 28 मई के बाद प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र पूरे राज्य में असर दिखाएगा। इसके कारण रांची और अन्य जिलों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही, ओडिशा के तटीय इलाके में बने चक्रवाती सिस्टम से यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिससे झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। 

पिछले 2 दिनों से रांची और आसपास बादल छाए हुए हैं। राज्य के कुछ जिलों में बीते 24 घंटों में बारिश भी हुई है। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। पूरे राज्य में मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 35.2 डिग्री मापा गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस साल मानसून केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और मिजोरम में समय से पहले पहुंच चुका है। झारखंड में मानसून आमतौर पर 10 से 15 जून के बीच आता है, लेकिन इस बार यह जल्दी आ सकता है। अगर स्थितियां ठीक रहीं, तो मानसून झारखंड में 3 से 5 जून के बीच दस्तक दे सकता है। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून अब उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा और आने वाले दिनों में झारखंड में बारिश बढ़ सकती है।


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Weather News Weather Hindi News Monsoon Rain