logo

विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर 14 सितंबर को आएगा फैसला

विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर 14 सितंबर को आएगा फैसला

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

डुमरी विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर 14 सितंबर को फैसला आएगा। धनबाद की एमपी-एमएलए कोर्ट ने जयराम महतो  और अन्य की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी कर ली है। फैसला 14 सितंबर को सुनाएगी। गुरुवार को डुमरी से जेएलकेएम विधायक जयराम महतो, सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल की अग्रिम जमानत याचिका पर एमपी-एमएलए कोर्ट में  सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनी और फैसला सुनाने के लिए 14 सितंबर की तिथि निर्धारित की है। 

बरवाअड्डा थाना प्रभारी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
डुमरी विधायक समेत अन्य की अग्रिम जमानत का यह मामला दरअसल, बीते 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। बरवाअड्डा थाना प्रभारी ने डुमरी विधायक जयराम महतो पर उन्हें फोन कॉल पर धमकाने और अपशब्द कहने के अलावा थाने में हंगामा और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जयराम महतो के अलावा इसमें सुशील मंडल और अन्य को नामजद किया गया था। 

पुलिस पदाधिकारियों के साथ गलत व्यवहार!
विधायक पर आरोप है कि विधायक ने थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों के साथ गलत व्यवहार किया और अपने समर्थकों से हाजत में बंद गणेश दास को बाहर निकालने के लिए कहा। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने थाना परिसर में हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली। 

Tags - Jairam MahtoAnticipatory BailBarwaadda Police StationJharkhandDhanbad MP-MLA Court