logo

लातेहार के पातम-डाटम जलप्रपात में नहाने के दौरान 2 युवक डूबे, 18 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं

लातेहार के पातम-डाटम जलप्रपात में नहाने के दौरान 2 युवक डूबे, 18 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं

लातेहार
Latehar News:
लातेहार जिले के हेरहंज स्थित प्रसिद्ध पातम-डाटम जलप्रपात में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। रविवार दोपहर हुए इस हादसे के करीब 18 घंटे बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका है। सोमवार को स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब दोनों युवकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। प्रशासन के अनुसार, टीम के लातेहार पहुंचने के बाद गहरे पानी में खोजबीन तेज की जाएगी।

नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए दोनों युवक
हादसा रविवार दोपहर करीब 1:20 बजे हुआ। डूबने वाले युवकों की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र निवासी मो. आसिफ (18) और बालूमाथ के रहमत नगर निवासी मो. आकिब (18) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ जलप्रपात घूमने आए थे। सभी बारी-बारी से पानी में नहाने के लिए उतर रहे थे। इसी दौरान आसिफ और आकिब अलग-अलग दिशाओं में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिली सफलता
दोनों युवकों को पानी में डूबता देख उनके साथ आए साथी घबरा गए। उन्होंने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और स्थानीय लोगों को दी गई। हादसे के बाद जलप्रपात पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों युवकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार के लोग उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने चलाया तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही हेरहंज पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सरोज कुमार और सुबोध सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे की जानकारी ली। इसके बाद दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को भी तलाशी अभियान जारी रहा।

एनडीआरएफ की टीम आने के बाद तेज होगी खोजबीन
हेरहंज के अंचलाधिकारी दिवाकर दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी लातेहार के उपायुक्त को दे दी गई है। एनडीआरएफ की टीम बुलाने के लिए पत्राचार किया गया है। प्रशासन के अनुसार, टीम सोमवार को लातेहार पहुंचेगी। इसके बाद गहरे पानी में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

काम के सिलसिले में इलाके में आए थे दोनों युवक
परिजनों के अनुसार, मो. आकिब हेरहंज में फॉल्स सीलिंग का काम करने आया था। परिवार को उसके जलप्रपात घूमने जाने की जानकारी हादसे के बाद मिली। वहीं, मो. आसिफ वॉल पुट्टी का काम करता था और काम के सिलसिले में नवादा आया हुआ था। दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए पातम-डाटम जलप्रपात पहुंचे थे। वहां नहाने के दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल, दोनों युवक लापता हैं और पुलिस-प्रशासन की निगरानी में उनकी तलाश जारी है।

Tags - Latehar NewsPatam Datum WaterfallJharkhand DrowningHerhanj NewsNDRF Search Operation