जमशेदपुर:
आदित्यपुर के आसंगी चेक डैम में स्कूल बंक करके नहाने पहुंचे सेंट्रल पब्लिक स्कूल के 2 छात्रों की डूबने से मौत हो गई है. मृतकों में आदित्यपुर 2 के रोड नंबर-10 निवासी 14 वर्षीय रौनक भारद्वाज और रोड नंबर-27 निवासी गॉडविन थॉमस शामिल है. दोनों कक्षा 9वीं के छात्र थे. दोनों के शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया गया है. हादसे की खबर छात्रों के परिजनों तक पहुंची तो कोहराम मच गया. घटनास्थल पर पहंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
क्लास बंक कर नहाने पहुंचे थे छात्र
बताया जा रहा है कि CPS के 5 छात्र स्कूल टाइम में क्लास बंक करके नहाने के लिए आसंगी चेक डैम पहुंचे थे. जब छात्र डैम में उतरे तो गहराई का अंदाजा न होने के कारण अचानक रौनक और गॉडविन पानी के तेज बहाव में बहने लगे और गहराई में समा गए. इस दौरान अन्य छात्र किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे.
घंटेभर की कड़ी मशक्कत के बाद मिले शव
इधर, घटना की सूचना मिलने पर आरआर्डटी थाना प्रभारी संजीव सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया गया. लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों छात्रों के शवों को पानी से बाहर निकाला. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.