logo

रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में ट्रेलर का ब्रेक फेल, पांच वाहन चपेट में, एक दर्जन से अधिक घायल

मपहूूह1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ थाना क्षेत्र की चुट्टूपालू घाटी में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद एक ट्रेलर ने आगे चल रही बाइक समेत पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। हादसे में शामिल सभी पांच वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सुरक्षा के मद्देनजर घाटी के एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे लेन से वाहनों का आवागमन जारी रखा गया।

पुलिस और प्रशासन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घाटी में जाम की स्थिति बन गई थी, लेकिन बाद में यातायात सामान्य कर दिया गया। बताया जा रहा है कि छड़ से लदा ट्रेलर रामगढ़ की ओर जा रहा था। घाटी में अचानक ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहनों से टकरा गया। ट्रेलर की चपेट में आने वाले वाहनों में इनोवा, बोलेरो, हुंडई आई-10, फॉर्च्यूनर और एक बाइक शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।