द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़गी गांव के समीप सोमवार को एक हृदयविदारक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पांडू गांव निवासी मुंशी सिंह के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार तेतरौंन पंचायत के नावाडीह गांव में नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया है, जिसके तहत सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई थी। नावाडीह गांव की महिलाएं चलकुस्सा थाना क्षेत्र स्थित बडानो के उत्तरवाहिनी बराकर घाट से मिट्टी के कलश में जल भरकर यज्ञ स्थल लौट रही थीं। इसी दौरान सन्नी कुमार भी अपने दो दोस्तों के साथ कलश यात्रा से वापस लौट रहा था।
.jpeg)
बताया जाता है कि लौटते समय सन्नी अपने दोस्तों के साथ नदी पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ गया। वहां वह धनबाद–गया रेलखंड पर खड़े होकर मोबाइल फोन से सेल्फी लेने लगा। इसी बीच अप लाइन से तेज गति से आ रही 12802 नई दिल्ली–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रेन को देखकर सन्नी संभल नहीं सका और उसकी चपेट में आ गया।

ट्रेन की जोरदार टक्कर से किशोर का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दो अन्य दोस्त किसी तरह रेल पटरी से हटकर भागने में सफल रहे और उनकी जान बच गई।