द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत फिटकोरिया गांव में ठंड से बचने के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। अलाव तापने के क्रम में आग की चपेट में आने से दो वृद्ध महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से दुमका में ठंड काफी बढ़ गई है। रविवार देर रात करीब 10 बजे फिटकोरिया गांव में 65 वर्षीय मेघिया देवी (पति– पचु सिंह पहाड़िया) और 55 वर्षीय बृहस्पतिया देवी (पति– रवि सिंह पहाड़िया) आग ताप रही थीं। इसी दौरान दोनों महिलाओं के कपड़ों में आग लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी परिजनों द्वारा सोमवार दोपहर मुफस्सिल थाना को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी सत्यम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मेघिया देवी अपने घर के पास रहने वाली बृहस्पतिया देवी के यहां गई थीं, जहां कमरे में अलाव जल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि झपकी आने के कारण आग कपड़ों में लग गई और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई है और किसी साजिश या अन्य आशंका की बात भी सामने नहीं आई है। फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में ले लिया गया है। शाम हो जाने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे मंगलवार को कराया जाएगा।

इस मामले पर दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि ठंड से बचने के दौरान अलाव तापते समय दो वृद्ध महिलाओं की जलकर मौत हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।