गढ़वा:
भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के घर में लाखों की चोरी हो गई। चोर उनके पैतृक आवास से सोने-चांदी के गहने और कैश उड़ा ले गए। गढ़वा विधानससभा क्षेत्र अंतर्गत बेलहारा गांव में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी का पैतृक घर है। अज्ञात चोरों ने इसी घर में हाथ साफ किया है।

आम लोगों में किस बात का डर है
बेलहारा गांव में यही है बीजेपी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी का पैतृक घर। विधायक के पुस्तैनी घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस के जवान, डॉग स्क्वाड के साथ मौजूद हैं। यहां चोरी की छानबीन चल रही है। चोरों ने कैश और गहना नहीं छोड़ा। चोर इतने बेखौफ थे कि दरवाजे का सांकल और आलमारी का लॉक, सब तोड़कर माल-असबाब बटोरकर ले गये। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने जब विधायक आवास में घुसने का दुस्साहस किया है तो आम लोग कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।

शादी में मिली ज्वेलरी भी ले गए चोर
विधायक की पत्नी मीरा तिवारी का कहना है कि कुछ महीने पहले लड़के की शादी की थी। शादी में तोहफे के रूप में ज्वेलरी मिली थी। कुछ संपति अपनी भी थी। चोर सब उड़ा ले गये। उन्होंने बताया कि घर पर 9 अंगूठी, 2 चैन, चांदी की ज्वेलरी और 2.70 लाख रुपये कैश था। चोर सब ले गए। मीरा तिवारी ने बताया कि घर में पिछले 2 महीने से कोई नहीं रह रहा था। अक्सर घर का कोई सदस्य गांव आकर कभी-कभार यहां रूक जाया करता था। आज आए तो पता चला कि घर में चोरी हो गई है। विधायक के परिजनों ने कहा कि आज तक गांव में चोरी नहीं हुई थी।
विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के चचेरे भाई गुड्डू तिवारी का कहना है कि चोरों ने जितनी तसल्ली से घर में सेंधमारी की है। जितने आराम से सामान ले गये हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि काफी देर घर पर ही रुके होंगे। नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
एसडीपीओ ने दिया गिरफ्तारी का भरोसा
छानबीन करने पहुंचे एसडीपीओ का कहना है कि हम विधायक आवास में हुई चोरी की वारदात की गहन छानबीन में जुटे हैं। जिसने भी घटना को अंजाम दिया है वह बहुत जल्द सलाखों के पीछे होगा। पुलिस छानबीन में जुटी है। चूंकि मामला विधायक के आवास से चोरी का है तो पुलिस भी गंभीरता से जांच में जुटी है। उम्मीद है कि चोर पकड़ लिए जाएंगे।
हालांकि, इस बीच आम लोगों में इस बात की हलचल है कि यदि विधायक आवास सुरक्षित नहीं है तो हमारा क्या होगा।