logo

जमशेदपुर में बंद घर पर चोरों का धावा, IRB जवान के मकान से 50 लाख की चोरी

jamshedpur_chori.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, घर आईआरबी जवान नितेश कुमार झा का है. पूरा परिवार किसी जरूरी काम से बाहर गया हुआ था. घर की देखरेख के लिए पड़ोसी को चाबी सौंपी गई थी. रविवार सुबह जब पड़ोसी घर देखने पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला.
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त था. इस दौरान कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित कई जगहों को खंगाला गया था. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गये.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बर्मामाइंस थाना की पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित सुराग के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाने में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.

 

Tags - jamshedpur news Updates IRB personel theft case 50 lakh theft in jamshedpur latest jamshedpur theft case theft case jamshedpur jamshedpur theft case news latest jamshedpur news Jamsheppur News updates Latest jharkhand news