logo

ठेला पर पानी पूरी बेचने वाले का बेटा पहुंचा इंडियन आइडल, टॉप-12 में बनाई जगह

इंडियन.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोयलांचल नगरी धनबाद के रहने वाले अभिषेक कुमार ने इंडियन आइडल-16 में अपनी जगह बना ली है। अभिषेक का इंडियन आइडल में पहुंचना केवल धनबाद जिला के लिए ही नहीं बल्कि, पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है। बताते चलें कि कोयलांचल की धरती से निकलकर प्रतिभाशाली गायक अभिषेक कुमार ने अपनी मधुर आवाज और कड़ी मेहनत के दम पर इंडियन आइडल सीजन-16 के टॉप-12 में अपनी जगह पक्की की है। अभिषेक देश के सबसे बड़े सिंगिंग रियलिटी शो के मंच पर लाइव गाला राउंड में नजर आएंगे। बताते चलें कि इस सप्ताह के अंत से इंडियन आइडल सीजन-16 का प्रसारण शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी टीवी पर किया जाएगा। वहीं, पहले गाला राउंड को प्रीमियम पार्टी राउंड नाम दिया गया है, जिसमें प्रतियोगिता और भी ज्यादा कठिन हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अभिषेक के पिता अजय शाह पिछले 20-25 सालों से धनबाद के सरायडेला जगजीवन नगर क्षेत्र में पार्क के सामने ठेला लगाकर गुपचुप बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने अभिषेक के इंडियल आइडल में पहुंचने पर कहा कि उनका सपना था कि उनका बेटा संगीत की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाए। आज उनको वह सपना साकार होता दिख रहा है और इस बात से वह बहुत खुश हैं। 

वहीं, पिता ने अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा के बारे में भी बताया कि अभिषेक की कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई  DAV बनियाहीर, झरिया से पूरी हुई है।  उसके बाद की पढ़ाई में उनके नाना-नानी सहयोग किए हैं। बताते चलें कि कक्षा 5 से 12 तक की पढ़ाई उन्होंने DAV धनबाद से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए अभिषेक दिल्ली गए, जहां से उन्होंने MA की पढ़ाई पूरी की। पिता मे बताया कि बचपन से ही अभिषेक को संगीत का बहुत शौक था। लगभग 5 वर्ष की उम्र से ही अभिषेक संगीत की दुनिया में कदम रखे। बाद में उन्होंने कई जागरण, मंदिरों और स्टेज शो में भी अपनी प्रस्तुति दी। लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद आज वे देश के सबसे बड़े सिंगिंग शो इंडियन आइडल सीजन-16 तक पहुंचे हैं। वहीं, धनबाद के लोग भी अपने इस बेटे पर गौरवान्वित हो रहे हैं। सभी को उम्मीद है कि अभिषेक अपनी आवाज के जादू से इंडियन आइडल की ट्रॉफी जीतकर झारखंड का नाम रोशन करेंगे। बहरहाल, अभिषेक के पिता अजय शाह ने बताया कि यह राउंड बेहद चुनौतीपूर्ण है और अभिषेक पूरी मेहनत के साथ तैयारी में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक लगातार 18 घंटों तक रियाज करता रहता है। हर सुर, हर भाव और हर शब्द पर खास ध्यान देता है। उसका एक ही सपना है, कोयलांचल और धनबाद का नाम पूरे देश में रोशन करना। 

वहीं, अभिषेक ने बताया कि शो में जल्द ही वोटिंग लाइन खोली जाएगी। इसलिए उन्होंने धनबाद और  झारखंड के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक वोट देकर उनका समर्थन करें। आगे अभिषेक ने कहा आपका एक वोट मेरे सपने को साकार कर सकता है। बहरहाल, संगीत यात्रा के बारे में बताते हुए अभिषेक ने कहा कि उनके पहले गुरु उनके मामा पंकज सांवरिया हैं। जिन्होंने उन्हें संगीत की बुनियादी शिक्षा दी। इसके बाद उन्होंने लगातार अभ्यास, मंच कार्यक्रम और गुरुजनों के मार्गदर्शन से खुद को निखारा है। बताते चलें कि अभिषेक अब तक उदित नारायण और श्रेयाघोषाल जैसे दिग्गज गायकों के साथ भी मंच साझा कर चुके हैं। वहीं, धनबाद और झारखंड के संगीत प्रेमियों को भी उनसे उम्मीदें जुड़ी हैं कि वे इस बार इंडियन आइडल की ट्रॉफी अपने नाम करेंगे।

Tags - Abhishek Kumar Indian Idol 16 Top 12 contestant Dhanbad singer Koelanchal talent reality singing show India Sony TV Indian Idol gala round performance Abhishek Kumar father Ajay Shah street vendor family background DAV Baniahir Jharia DAV Dhanb