logo

एमजीएम अस्पताल का छज्जा गिरने पर सत्ता पक्ष ने भी उठाया सवाल

jsr0003.jpg

द फॉलोअप डेस्क
एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर का छज्जा गिरने और कई मरीजों के घायल होने पर विपक्ष के अलावा सत्ता पक्ष ने ही गंभीर सवाल खड़ा किया है। पूर्व विधायक और झामुमो नेता कुणाल षाडंगी ने स्वास्थ्य चिकित्सा एवं शिक्षा मंत्री डॉ इरफान अंसारी से कहा है-मंत्री जी यह दुर्भाग्यपूर्ण और अस्पताल प्रशासन की उदासीनता की पराकाष्ठा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर डॉ इरफान अंसारी को अटैच करते हुए लिखा है कि अगर अस्पताल का वह हिस्सा पहले से कमजोर हो चुका था तो वहां मरीजों को क्यों रखा गया। बड़े पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए न कि कुछ छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बना कर व्हाइट वाश।


हालांकि इससे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जमशेदपुर जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य हेतु निर्देशित किया है।  प्रशासन को दुर्घटना की जांच चकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। उसके बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी अपने एक्स हैंडल पर अस्पताल के बी ब्लॉक की इमारत क्षतिग्रस्त होने के बारे में अवगत होने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लिखा है कि पूर्वी सिंहभूम के डीसी को राहत एवं बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही इस दुर्घटना की समीक्षा की जाएगी।
एमजीएम अस्पताल की कुव्यवस्था का पोल खुल गयीः सरयू राय
घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि इस दुर्घटना के बाद एमजीएम अस्पताल की कुव्यवस्था की पोल खुल गयी है। चार लोग घायल हुए हैं। कुछ और के दबे होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी आरोप प्रत्यारोप का समय नहीं है। संवेदना का समय है। लेकिन लंबे समय से बिल्डिंग के जर्जर होने की बात कही जा रही थी। फिर भवन निर्माण विभाग ने क्या सलाह दिया। क्या कार्रवाई की, इसे देखना चाहिए। मुख्यमंत्री, मंत्री, सचिव और प्रशासन के अन्य बड़े अधिकारी अपने को आईने में देखें। तत्काल कार्रवाई करें और बरसात में कोई फिर दुर्घटना न हो, इसका तत्काल प्रयास करें।

दोषी पर कार्रवाई हो ः बाबूलाल मरांडी

प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से सभी मृतक व घायलों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच करा कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की है। 

पूर्णिमा साहु पहुंची अस्पताल, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की

घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहु भी एमजीएम अस्पताल पहुंची। उन्होंने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना के लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। साथ ही सरकार को भी आड़े हाथों लिया।

Tags - mgm hospitaljamshedpursaryu roykunal sharangipurnima sahu