द फॉलोअप डेस्क:
बोकारो ट्रेजरी स्कैम केस में सीआईडी ने एक और गिरफ्तारी की है। जांच टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय के लेखा शाखा में प्रतिनियुक्त आरक्षी काजल मंडल को गिरफ्तार किया है। सीआईडी का कहना है कि काजल मंडल, इस केस में पहले पकड़े गए लेखपाल कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि कौशल पांडेय के खाते में भेजी गई राशि और यात्रा मद में प्राप्त धन से कुल 8 लाख 75 हजार रुपये की निकासी हुई है। यह राशि कौशल कुमार पांडेय के बोकारो स्थित आवास से बरामद की गई।

बोकारो ट्रेजरी स्कैम में 3 लोग जेल भेजे गए
इस केस में अब तक लेखपाल कौशल कुमार पांडेय, होमगार्ड सतीश कुमार, एसओजी जवान अशोक कुमार भंडारी को जेल भेजा जा चुका है। बोकारो ट्रेजरी स्कैम में सीआईडी की एसआईटी ने बोकारो के तेलीडीह में 4.08 डिसमिल जमीन के दस्तावेज और इसी जमीन पर बना 3 मंजिला मकान जब्त किया है। इसके अलावा 4.98 डिसमिल जमीन का दस्तावेज मिला है। बैंक में जमा 1 करोड़ 39 लाख रुपये और 18 लाख रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट फ्रीज किया गया है। 8 लाख 75 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।

गुमला में भी सरकारी खजाने से अवैध निकासी
गौरतलब है कि बोकारो, हजारीबाग और अब गुमला में सरकारी खजाने से अवैध निकासी का मामला सामने आया है। जांच से ऐसा पता चला है कि बोकारो में लेखा शाखा से करीब 6 करोड़ रुपये की निकासी की गई है तो वहीं हजारीबाग में 28 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी हुई है। अब गुमला में भी सरकारी खजाने से 28 लाख रुपये की अवैध निकासी का पता चला है, जिसकी जांच के लिए उपायुक्त ने दस्तावेज मंगाए हैं।