गढ़वा:
गढ़वा के विशुनपुरा थानाक्षेत्र अंतर्गत सारो गांव में मां-बेटे का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में मिला। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय संगीता कुमारी और उसके 2 वर्षीय बच्चे कार्तिक के रूप में हुई है। संगीता का पति गुजरात में मजदूरी करता है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की छानबीन में जुटी है। बताया जाता है कि संगीता का पति मुकेश पाल करीब 15 दिन पहले ही रोजगार की तलाश में गुजरात गया है।
बताया जाता है कि शनिवार को मुकेश की मां तिरकुमारी देवी बकरी चराकर घर लौटीं तो दरवाजा बंद पाया। कई बार आवाज लगाने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी।

ग्रामीणों की मौजूदगी में तोड़ा घर का दरवाजा
ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर संगीता और उनके 2 वर्षीय पुत्र कार्तिक का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मृतका के पिता बिंध्याचल पाल पहुंचे। मृतिका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने घर से कीटनाशक की एक बोतल भी बरामद की है, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
विशुनपुरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।