logo

झारखंड में अगले 5 दिन में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा, कोहरा–धुंध बढ़ाएगा ठिठुरन

झारखंड में अगले 5 दिन में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा, कोहरा–धुंध बढ़ाएगा ठिठुरन

रांची:
Jharkhand Weather Update:  
झारखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आने वाले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, रांची के आसपास के घाटी क्षेत्रों में कुहासा और धुंध का असर भी दिखने लगा है।

पांच दिनों में गिरेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी। हालांकि, दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार, 6 से 8 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाने के बाद मौसम साफ रहेगा।

रांची में 17 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची में 5 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 6 से 8 नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह और देर रात ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा।

जगन्नाथपुर सबसे गर्म, लातेहार में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में जगन्नाथपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सबसे अधिक बारिश
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सर्वाधिक 29.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 16.6 मिमी, डुमरिया में 16.4 मिमी और पोटका में 2.8 मिमी बारिश हुई। वहीं, रांची और जमशेदपुर में वर्षा नहीं हुई। इन दोनों शहरों में मौसम सामान्य बना रहा।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi ForecastCold WeatherIMD AlertWinter Update