logo

कुड़मी को ST दर्जा मिले, 8वीं अनुसूची में शामिल हो कुड़माली भाषा; सुदेश महतो ने गृहमंत्री से की मांग

कुड़मी को ST दर्जा मिले, 8वीं अनुसूची में शामिल हो कुड़माली भाषा; सुदेश महतो ने गृहमंत्री से की मांग

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने शुक्रवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सुदेश महतो ने गृहमंत्री के सामने कुड़मी समुदाय को एसटी दर्जा देने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त दोनों के बीच झारखंड से जुड़े कई ज्वलंत विषयों पर वार्ता हुई। सबसे अहम बात है कि सुदेश महतो का गृहमंत्री के सामने कुड़मी को एसटी दर्जा देने की मांग रखना। गौरतलब है कि आज ही ओडिशा की राज्यसभा सांसद ममता मोहंता ने गृहमंत्री से मुलाकात के बाद यह कहा है कि कुड़माली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।

सुदेश महतो इससे पहले कुड़मी समुदाय को  एसटी दर्जा और कुड़माली को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए आंदोलन को समर्थन दे चुके है। वह इस सिलसिले में पश्चिम बंगाल भी गये थे। 

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता का मुद्दा
गृहमंत्री के सामने सुदेश महतो ने JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग रखी कि भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई और ईडी से जांच होनी चाहिए। सुदेश महतो ने 39 भर्ती परीक्षाओं को केंद्रीय एजेंसियों के जांच के दायरे में लाने की मांग रखी। सुदेश महतो ने गृहमंत्री अमित शाह को बताया कि 6 परीक्षाओं को राज्य सरकार ने स्थगित किया है। सुदेश महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। इसलिए इन मामलों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।

कुड़मी समुदाय को ST दर्जा देने का अनुरोध
सुदेश महतो ने झारखंड के कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर भी केंद्रीय गृह मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया तथा इसे पूरा करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने से उसके सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकेगी।

स्थानीय भाषाओं को 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग उन्होंने झारखंड की विभिन्न स्थानीय भाषाओं, विशेषकर कुड़माली, कुड़ुख एवं मुंडारी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी रखी। महतो ने कहा कि भाषाएं किसी भी समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित समुदायों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को मजबूती मिलेगी।

Mineral Bearing Land Cess लगाने की मांग रखी
आजसू पार्टी के सुप्रीमो ने खनिज प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के हित में झारखंड में Mineral Bearing Land Cess लगाने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि इस राशि का उपयोग केवल खनन प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए किया जाए तथा इसके उपयोग की निगरानी और कार्यों का निर्धारण भारत सरकार द्वारा किया जाए।

DMF फंड में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग
सुदेश महतो ने DMF (District Mineral Foundation) फंड के उपयोग में कथित अनियमितताओं एवं घोटाले की जांच CBI से कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि DMF की राशि का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं वहां रहने वाले लोगों के हितों की पूर्ति करना है। ऐसे में इसके उपयोग में किसी भी प्रकार की अनियमितता की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

सुदेश महतो ने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि झारखंड से जुड़े इन सभी महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Tags - Sudesh MahtoAmit ShahKudmiKudmaliJPSC-JSSC