logo

रिटायर्ट सब-इंस्पेक्टर को बीच सड़क रौंद गया बेकाबू ट्रक, दर्दनाक मौत; पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी

a851.jpg

​जामताड़ा: 

नारायणपुर थानाक्षेत्र के बरियारपुर मुख्य मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है. अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर 61 वर्षीय मनोहर पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र और उनके निवास स्थान दलदला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. 

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना नारायणपुर थानाक्षेत्र के बड़ियारपुर मुख्य मार्ग पर स्थित महालक्ष्मी होटल के पास हुई. बताया जा रहा है कि मनोहर पासवान मार्ग से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.  टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. नारायणपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया. 

नारायणपुर थाना में केस दर्ज
​घटना के बाद मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने न्याय की गुहार लगाते हुए नारायणपुर थाने में आवेदन दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 40/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (रैश ड्राइविंग) और 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

ट्रक और चालक की तलाश जारी
​थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश जारी है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. 

Tags - JamtaraJamtara SI DiedJamtara SI Died by AccidentJamtara PoliceJamtara News