logo

झारखंड युवा कांग्रेस चुनाव : अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कुलदीप कुमार रवि की रणनीतिक बैठक, संगठन को नई दिशा देने का संकल्प

wdrfrfrf.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक चुनाव 2025 के तहत नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
वोटिंग प्रक्रिया के आरंभ से पूर्व आज रांची स्थित सर्किट हाउस में कुलदीप कुमार रवि की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई, जिसमें विशेष रूप से संगठन की मजबूती, अधिक युवाओं को युवा कांग्रेस के सदस्य बनाने और वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने पर विचार किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कुलदीप कुमार रवि ने कहा, "मैं 15 वर्षों से संगठन में सक्रिय रहा हूं और मेरी निष्ठा व समर्पण संगठन के प्रति अटूट रही है। इस बार मैं झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद की प्रतिष्ठित जिम्मेदारी के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि संगठन के कार्यकर्ताओं और साथियों के आशीर्वाद से मैं यह चुनाव जीतूंगा।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरी अपनी एक सशक्त टीम है, जो मेरे साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। हम सभी का उद्देश्य एक है  युवाओं की आवाज़ बनना, उनके हक़ के लिए मजबूती से काम करना और संगठन को गांव,प्रखंड व शहर तक और मजबूत बनाना।"

कुलदीप कुमार रवि ने यह भी कहा कि जीत के बाद वे युवा कांग्रेस को एक नई दिशा देंगे। रोजगार, शिक्षा, प्रशिक्षण, खेल, स्वास्थ्य और नेतृत्व निर्माण जैसे मुद्दों पर कार्य करते हुए युवा वर्ग के लिए ठोस नीतियां लागू करेंगे। बैठक में संगठन के कई प्रमुख कार्यकर्ता एवं प्रत्याशी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर चुनाव में मजबूती से उतरने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


 

Tags - Jharkhand Youth Congress latest Jharkhand Updates latest updates latest Jharkhand News Jharkhand Updates Jharkhand Updates in hindi latest jharkhand News jharkhand Udpates in hindi