logo

सिमडेगा DC ने रेंगारिह चर्च का किया भ्रमण, संरक्षण और पर्यटन पर दिया जोर

fgyurx.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा के उपायुक्त कंचन सिंह ने ठेठईटांगर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक रेंगारिह चर्च का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कोनपाला में स्थित क्षेत्र के प्रथम चर्च का भी अवलोकन किया। वर्ष 1965 में निर्मित रेंगारी चर्च की सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व को देखकर उपायुक्त ने इसकी सराहना की। चर्च के पल्ली पुरोहित ने उन्हें चर्च के निर्माण, इतिहास और इसकी विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने चर्च परिसर में मौजूद सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिसर में स्थित सेंट एंथनी स्कूल के भवन का भी निरीक्षण किया, जो अंग्रेज शासनकाल में 1926 में निर्मित हुआ था। उपायुक्त ने स्कूल भवन की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए उसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अलावा, उन्होंने चर्च परिसर में पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही रेंगारी चर्च को एक ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित कर पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इस अवसर पर ठेठईटांगर की प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन मिंज, अंचलाधिकारी कमलेश उरांव, जिला परिषद सदस्य अजय एक्का, चर्च के पल्ली पुरोहित और अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।

 

Tags - Simdega Deputy Commissioner Kanchan Singh Historic Churches in Jharkhand Church Heritage Conservation India Cultural Heritage Preservation Jharkhand Tourism Potential in Simdega Historical Buildings in Simdega Simdega Local News