logo

सिमडेगा DC कंचन सिंह अचानक पहुंचीं कोरकोटजोर गांव, सादरी में किया ग्रामीणों से संवाद; सुनी समस्या

सिमडेगा DC कंचन सिंह अचानक पहुंचीं कोरकोटजोर गांव, सादरी में किया ग्रामीणों से संवाद; सुनी समस्या

सिमडेगा:

Jharkhand News: सिमडेगा की उपायुक्त (Simdega DC Kanchan Singh) रविवार को केरसई प्रखंड के कोरकोटजोर गांव पहुंची। डीसी कंचन सिंह ने यहां जमीन पर बैठकर मलार समाज के लोगों से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं, पुरुषों और छात्र-छात्राओं से सीधी बातचीत करके उनकी समस्याएं  सुनीं। छुट्टी वाले दिन अचानक उपायुक्त को अपने बीच पाकर ग्रामीण चकित रह गए। दरअसल, पिछले दिनों मलार समाज के प्रतिनिधियों ने जाति और आवास प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली मुश्किलों को लेकर डीसी कंचन सिंह को ज्ञापन सौंपा था। अब उपायुक्त का सीधा गांव पहुंची तो लोगों ने उनकी संवेदनशीलता की प्रशंसा की। गौरतलब है कि डीसी कंचन सिंह ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सादरी भाषा में संवाद किया। 

उपायुक्त ने सादरी भाषा में लोगों से किया संवाद
डीसी कंचन सिंह ने स्थानीय भाषा में आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए कहा, "तोहर और कोई समस्या आहे, होले बतावा। आइज खाना  घरे का मन बनाइहा।"उपायुक्त के मुंह से अपनी स्थानीय भाषा सुनकर ग्रामीण सहज और गदगद हो गए और खुलकर अपनी समस्याएं उनके सामने रखने लगे। इस दौरान महिला-पुरुषों के साथ छात्र-छात्राओं ने भी अपनी परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। डीसी ने केरसई के अंचलाधिकारी देवकांत सिंह को कोरकोटजोर गांव में विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया। कैंप के माध्यम से ग्रामीणों की जमीन की ऑनलाइन रसीद काटने, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाने जैसी समस्याओं का समाधान करने को कहा।

ड्रॉपआउट बच्चों का स्कूल में दोबारा नामांकन होगा
इसके साथ ही, जिन बच्चों के नाम किसी कारणवश स्कूल से कट गए हैं, उनका दोबारा नामांकन सुनिश्चित कराने तथा नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को गांव में पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

उपायुक्त के आश्वासन से ग्रामीणों में जगी है उम्मीद
उपायुक्त के सीधे गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश देने से मलार समाज के लोगों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों को विश्वास है कि लंबे समय से प्रमाण पत्र एवं जमीन से संबंधित कार्यों में आ रही परेशानियों का अब समाधान हो सकेगा। उपायुक्त की इस पहल ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया।

इसी क्रम में उर्सुलाईन बालिका उच्च विद्यालय रेंगरीह के छात्रावास में छात्र छात्राओं की सुविधाओं, पढ़ाई, खान -पान, रहन- सहन की जानकारी ली। साथ ही एंजेला हेल्थ सेंटर की ओर से दिए जा रहे चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली गई। 

इस अवसर पर एसडीओ सुमंत तिर्की, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार, केरसई अंचलाधिकारी देवकांत सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रेमा बड़ा, रवि गुप्ता, संजय प्रसाद, विकास कुमार, असरानी एक्का, देशु मलार, दीनू मलार सहित मलार समाज के अनेक महिला-पुरुष एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand NewsSimdega NewsJharkhand Simdega News DC Kanchan Singh