द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिला के मुरहू में रामनवमी की रात पत्थरबाजी से हालात हुए बेकाबू। थाना प्रभारी सहित कई लोग घायल हुए। अगले दिन आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर दोनों पक्ष आमने-सामने आए, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है। झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी की रात अचानक पत्थरबाजी की घटना सामने आई, अज्ञात लोगों द्वारा की गई इस घटना में मुरहू थाना प्रभारी नॉवेल गॉडविन केरकेट्टा समेत कुछ स्थानीय लोगों को चोटें आईं। हालांकि रात में किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पत्थरबाजी अचानक शुरू होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की और रात में हालात को काबू में कर लिया गया था। घटना के अगले दिन सुबह मुरहू के लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। गुस्साए स्थानीय निवासियों ने अपने-अपने दुकानों को बंद कर दिया और मुरहू महादेव मंडा के पास एकत्र हो कर लोगों ने पत्थरबाजी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की, इस दौरान इलाके में तनाव और बढ़ गया. सूत्रों के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोग भी एकजुट हो गए, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया। बताया जा रहा है कि दिन में भी दोनों पक्षों के बीच फिर से पत्थरबाजी की घटना हुई, जिससे हालात बिगड़ने लगे।
इससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई और तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मुरहू में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है। फिलहाल मुरहू में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, लेकिन प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है, ताकि इलाके में सामान्य स्थिति जल्द बहाल हो सके.