रामगढ़:
रामगढ़ के रजरप्पा में शिव शंकर ज्वेलर्स में 21 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई लूट का खुलासा हो गया है। पुलिस ने लूट के जेवरात के साथ 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स की अगुवाई में बनी एसआईटी ने 4 दिन के भीतर लूटकांड का खुलासा कर लिया है। पुलिस को आरोपियों के पास लूटा गया 180 पीस गहना मिला है, जिनमें अंगूठी, नथुनी, झुमका, मूर्ति और बर्तन शामिल हैं। इनकी कीमत लाखों में है।

नालंदा से मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई
एसआईटी ने रामगढ़, लातेहार, पलामू और बिहार के भी कुछ जिलों में छापेमारी की थी। टेक्निकल सर्विलांस और मानवीय स्त्रोतोंसे मिली जानकारी के आधार पर नालंदा से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को पकड़ा गया। इनके पास सोने-चांदी के आभूषण समेत तीन 2 पहिया वाहन और मारुती अर्टिगा कार मिली है। रजरप्पा थाना में 4 लोग नामजद आरोपी बनाए गये थे। कुल 7 लोग पकड़े गये हैं। पुलिस ने लूटकांड में संलिप्त सुभानी अंसारी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नुरूल अंसारी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि रजरप्पा के शिवशंकर ज्वेलर्स लूटकांड मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से रजरप्पा थाना कांड संख्या-48/2026 धारा 310(2)/111(2)(b)/111(4)BNS एवं 25 (1-A)/25(1-B)(a)/25(1-AAA)/35/27(1) आर्म्स एक्ट के तहत चार नामजद अन्य अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज की गई थी। जिसके तहत सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।