सरायकेला
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के झाबरी काटिन के समीप रविवार सुबह शराब लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, जबकि गाड़ी में लदी शराब का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर बिखरकर नष्ट हो गया।
घटना की पूरी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब से लदी यह गाड़ी धनबाद से जमशेदपुर के डिमना स्टॉक यार्ड जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग NH-33 पर झाबरी काटिन के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में लगभग 4.62 लाख रुपये मूल्य की 'ओल्ड मॉन्क' ब्रांड की शराब लदी थी। दुर्घटना में करीब 90 प्रतिशत बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं, जबकि बची हुई लगभग 10 प्रतिशत शराब स्थानीय ग्रामीण उठा ले गए। चालक के मुताबिक, वह धनबाद से शराब लेकर जमशेदपुर जा रहा था, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह दुर्घटना हो गई।
शराब की बोतलें हटाकर साफ कराया गया रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को हटाकर आगे की कार्रवाई की गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए NH-33 के एक तरफ का मार्ग बाधित हो गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात व्यवस्था पुनः बहाल कर दी गई।