द फॉलोअप डेस्क
बिहार के रोहतास जिले में जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। भगीरथा गांव में विमलेश यादव का बेटा आर्यन कुमार भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सजाया जा रहा था। इसी दौरान उसने माला का एक मोती मुंह में डाल लिया, जो निगलने के बाद सांस की नली में फंस गया। सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोचस लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद नहीं बची जान
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की सांस की नली में फंसे मोती को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इलाज के दौरान आर्यन की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर अजीत कुमार ने बताया कि मोती सांस की नली में फंसने के कारण बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मां दहाड़ मारकर रोने लगी, जबकि पिता भी सदमे में बेहोश हो गए।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस घर में जन्माष्टमी को लेकर उत्साह था, वहां बच्चे की मौत के बाद मातम पसर गया। आसपास के लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया। घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।