द फॉलोअप डेस्क
रांची के जाने माने बिल्डर अनुराग सरावगी ने ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार देर रात की है। रांची पुलिस आत्महत्या का कारण जानने में जुटी है। अनुराग मेन रोड स्थित जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर भी थे। उनकी उम्र 45 साल थी। अनुराग सरावगी ने गुरुवार रात ब्लेयर अपार्टमेंट के अपने आवास की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह फ्लैट में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तमिलनाडु में रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी देते हुए अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि गुरुवार की रात सभी सोने चले गए थे तभी किसी के बहुत ऊपर से गिरने की आवाज आई, दौड़ कर जाने पर अनुराग सर का शव जमीन पर मिला, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनका मोबाइल फोन पूरी तरह चकनाचूर हो गया था, जिसे फॉरेंसिक टीम ने जब्त कर लिया है. अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर उनका एक और फ्लैट अंदर से बंद मिला।

पुलिस को दिए बयान में घर की नौकरानी ने बताया कि अनुराग जब घर लौटे तो फोन पर किसी से जोर-जोर से बात कर रहे थे और बेहद गुस्से में लग रहे थे। नौकरानी ने कहा, साहब फोन पर किसी से बहस कर रहे थे। फिर अचानक बाहर चले गए. फिर अचानक उनके बालकनी से गिरने की आवाज आई।