द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची में चोरी की घटनाओं के बीच अब पुलिसकर्मियों के घर भी चोरों के निशाने पर हैं। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान में चोरी की वारदात हुई है। जानकारी के अनुसार, तीन से चार अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है।

घर के ताले और आलमारियां तोड़ीं
बताया गया कि मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घर में घुसे अपराधियों ने कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और कीमती वस्तुएं लेकर निकल गए। इस दौरान उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गयीं। सुबह जब सब-इंस्पेक्टर के एक रिश्तेदार ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा, तो अंदर जाकर जांच की। घर के सभी ताले टूटे हुए थे। आलमारियां और दीवान भी क्षतिग्रस्त मिले, जबकि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद रिश्तेदार ने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए कई साक्ष्य जुटाये। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की पूरी स्थिति और आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।