द फॉलोअप डेस्क, रांची:
रांची प्रेस क्लब ने द भारतमित्र न्यूज पोर्टल से जुड़े पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। रांची प्रेस क्लब ने इस बाबत मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। मांग की गई है कि सिमडेगा की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से जुड़े कथित यौन शोषण और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रेस क्लब की यह भी मांग है कि पत्रकार अभिषेक भारती को किसी भी तरह की प्रताड़ना से सुरक्षा दी जाए। गौरतलब है कि सिमडेगा की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। रांची प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री को इस बात से भी अवगत कराया है कि जर्नलिस्ट अभिषेक भारती के पिता ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पत्र लिखकर बेटे की जान को खतरा बताया है।

लड़की की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
रांची प्रेस क्लब ने सीएम हेमंत को जानकारी दी है कि लड़की की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद रांची में डिजिटल न्यूज चैनल द भारतमित्र के पत्रकार अभिषेक भारती ने इस मामले को प्रमुखता से अपनी खबरों में प्रकाशित किया था। प्रेस क्लब ने कहा कि हमारे पास उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की खुद पत्रकार अभिषेक भारती के पास मदद मांगने पहुंची थी। बकौल रांची प्रेस क्लब, नाबालिग लड़की की बातें सुनने के बाद अभिषेक भारती ने उसे ऑनलाइन शिकायत और आवेदन तैयार करने में मदद की, ताकि उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके। रांची प्रेस क्लब ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि अभिषेक भारती ने इसके बाद इस मामले की रिपोर्टिंग की और इस केस को आम लोगों के साथ प्रशासन के संज्ञान में लाया।
रांची प्रेस क्लब का कहना है कि ऐसा करने पत्रकार अभिषेक भारती ने पत्रकार के रूप में अपनी पेशेवर जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय कर्तव्य भी निभाया।

पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ मुकदमा
रांची प्रेस क्लब ने सीएम हेमंत को जानकारी दी है कि, हालांकि, खबर प्रकाशित होने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाने में एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। यह प्राथमिकी लड़की के दादा की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। पत्रकार अभिषेक भारती पर अपहरण और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध करने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने रांची में उनके आवास और द भारत मित्र के कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामानों को जब्त कर लिया। रांची प्रेस क्लब ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया है।
रांची प्रेस क्लब ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि नाबालिग लड़की से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए। पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच हो। पत्रकार को किसी भी तरह की प्रताड़ना या उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान की जाए।