द फॉलोअप डेस्क:
Ranchi Railway Station: सुनने में अक्षम यात्रियों (Deaf Passengers) के लिए रांची रेलवे स्टेशन (Ranchi Railway Station) पर जल्द ही एक खास सुविधा शुरू होने जा रही है। अब ऐसे यात्रियों को ट्रेनों (Trains) के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म में बदलाव जैसी जरूरी जानकारियां समझने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेलवे स्टेशन (Railway Station) पर डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली (DSLIS) लागू की जाएगी। इसके जरिए एक डिजिटल अवतार सांकेतिक भाषा में यात्रियों को रेलवे से जुड़ी सूचनाएं देगा। यह सुविधा स्टेशन परिसर में लगी सभी 20 एलईडी स्क्रीन पर उपलब्ध होगी। रांची झारखंड ही नहीं, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) का पहला स्टेशन होगा, जहां यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। रेलवे का लक्ष्य दिसंबर के अंत तक इसे चालू करने का है। फिलहाल इसके लिए खरीद प्रक्रिया जारी है। शुरुआत में यह प्रणाली हिंदी और अंग्रेजी में काम करेगी। हालांकि, इसे अन्य भाषाओं के अनुकूल भी तैयार किया गया है।

रेलवे से जुड़े शब्दों का भी होगा डिजिटल शब्दकोश
डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली में रेलवे से जुड़े सामान्य शब्दों और स्टेशनों के नाम के लिए एक विशेष डिजिटल शब्दकोश भी तैयार किया गया है। इसकी मदद से यात्री रेलवे में इस्तेमाल होने वाले जरूरी शब्दों और घोषणाओं को सांकेतिक भाषा में समझ सकेंगे। इतना ही नहीं, किसी विशेष परिस्थिति में रेलवे की ओर से जारी किए जाने वाले लिखित संदेश भी सांकेतिक भाषा में प्रदर्शित होंगे। इससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय, प्लेटफॉर्म में बदलाव या दूसरी जरूरी सूचनाओं को समझना आसान होगा। खास बात यह है कि यात्रियों को जानकारी के लिए केवल ऑडियो अनाउंसमेंट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

बिना इंटरनेट के भी काम करेगी प्रणाली
रेलवे की यह नई सूचना प्रणाली इंटरनेट कनेक्टिविटी पर निर्भर नहीं होगी। इसका संचालन बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था के जरिए किया जाएगा। ऐसे में इंटरनेट की समस्या आने पर भी यात्रियों को जरूरी जानकारियां मिलती रहेंगी। रांची रेलमंडल के सीनियर डीसीएम विनोद कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुनने में अक्षम यात्रियों को स्वतंत्र रूप से यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें स्टेशन पर सूचनाएं प्राप्त करने के लिए दूसरे लोगों की मदद लेने की जरूरत कम होगी। रेलवे की इस पहल से रांची स्टेशन को दिव्यांग यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।