द फॉलोअप डेस्क
रांची पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय द्वारा जारी आवश्यक सूचना के अनुसार 21 मार्च को ईद-उल-फितर (ईद) और सरहुल पर्व के मद्देनज़र पूरे शहर में व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। दोनों त्योहारों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और जुलूस निकलने को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। ईद की नमाज के दौरान विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास भीड़ को देखते हुए सुबह 6 बजे से नमाज समाप्ति तक कई मार्ग बंद रहेंगे। हरमू बाईपास रोड: किशोरगंज चौक से रातू रोड चौराहा तक दोनों तरफ से बंद रहेगा। छोटे वाहनों को रांची लेक रोड होते हुए अपर बाजार की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के व्यवसायिक वाहन इस मार्ग से नहीं गुजर सकेंगे। अम्बेडकर चौक से राजेन्द्र चौक: यह मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। वाहन युवराज होटल के पश्चिमी हिस्से से होकर डायवर्ट किए जाएंगे। मेन रोड (रतन पीपी से गुप्ता भंडार तक): यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। डोरंडा जाने वाले वाहन सर्जना चौक से डंगराटोली, कांटाटोली, बहुबाजार और मुण्डा चौक होकर जाएंगे। डोरंडा से आने वाले वाहन: सुजाता चौक से क्लब रोड होते हुए मुण्डा चौक की ओर जाएंगे। सुजाता चौक से डोरंडा: वाहन बिग बाजार और कडरू पुल होकर जाएंगे। प्लाजा चौक से लालपुर चौक: यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। अपर बाजार (शहीद चौक से गांधी चौक): वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। हिल व्यू से बरियातु मस्जिद: बाएं लेन में आवागमन बंद रहेगा। वहीं सभी जगह अस्थायी स्लाइडिंग बैरियर लगाए जाएंगे, जिन्हें नमाज के बाद हटा दिया जाएगा।
.jpg)
वहीं ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गयी है, जिनमें महात्मा गांधी मार्ग पर सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड और फिरायालाल चौक के पास पार्किंग की सुविधा रहेगी। हरमू ईदगाह के लिए गोशाला के समीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अन्य स्थानों पर जरूरत के अनुसार अधिकारियों द्वारा पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी। सरहुल पर्व पर दोपहर बाद शहर के विभिन्न हिस्सों से शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो प्रमुख मार्गों से होकर सिरमटोली सरना स्थल तक पहुंचेगी। जिनमें प्रमुख रूट हैं, कांके रोड, रातू रोड, बोड़ेया रोड, रेडियम चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, सुजाता चौक, मुण्डा चौक से सिरमटोली इसके साथ ही नामकुम, खूँटी रोड, बिरसा चौक, डोरंडा ओवरब्रिज सुजाता चौक मुण्डा चौक और सिरमटोली तीसरी ओर अरगोड़ा, हरमू, कडरू, बिग बाजार, सुजाता चौक, मुण्डा चौक से सिरमटोली को प्रमुख रूट बनाया गया है।
.jpeg)
21 मार्च को सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक राँची शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी भारी वाहन रिंग रोड से संचालित किए जाएंगे। सामान्य वाहनों के लिए डायवर्जन (दोपहर 12 बजे से) लागु किए जायेंगे। सरहुल जुलूस के दौरान कई मार्गों पर आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा जिनमें एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक और शहीद चौक की ओर, सर्कुलर रोड से जेल चौक के आगे, जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक और रेडियम चौक, अपर बाजार से शहीद चौक, चडरी तालाब से अल्बर्ट एक्का चौक, थड़पखना मार्ग, पुरुलिया रोड से सर्जना चौक, चर्च रोड, विष्णु सिनेमा मार्ग, कर्बला, राजेंद्र चौक, पटेल चौक, मेकॉन चौक समेत कई अन्य मार्ग, इसके साथ ही शहर के अन्य हिस्सों में भी जुलूस की स्थिति के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें,वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।