द फॉलोअप डेस्क:
Ranchi Janata Darbar: रांची समाहरणालय (Collectorate) में सोमवार, 23 नवंबर को आयोजित जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री (Manjunath Bhajantri) ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र समेत सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। डीसी ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और हर आवेदन का समय-सीमा के भीतर निष्पादन हो। इस दौरान सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया। उनकी पहली पत्नी ने बेटे और बहू पर मारपीट एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में रहता है और खतियानी संपत्ति बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने मंगरा भोक्ता को शो-कॉज करने और उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।

गंभीर मरीजों के इलाज के लिए राशन कार्ड पर प्राथमिकता
जनता दरबार में चिकित्सा सुविधा से जुड़े दो महत्वपूर्ण मामले भी सामने आए। खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी महज 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन दिया। वहीं, दाहिना फेफड़ा खराब होने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे बाली मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा पाने के लिए राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए डीसी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी और विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को आवश्यक विभागीय कार्रवाई करते हुए जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। इसके अलावा चर्च रोड निवासी विनय कुमार ने आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद राशन कार्ड से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन दिया। जनता दरबार में जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों पर भी डीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच कर पात्र लोगों को जल्द प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने पेंशन, जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, म्यूटेशन और पंजी-2 में सुधार से जुड़ी शिकायतों की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
.jpeg)
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों और होमगार्ड अभ्यर्थियों की शिकायतों पर भी संज्ञान
जनता दरबार में वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ नहीं दिए जाने का मामला भी उठा। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को इसकी अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर पात्र लाभुकों को नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। वहीं, वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया में चयनित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों से जुड़े मामले पर भी संज्ञान लिया गया। बताया गया कि अभ्यर्थियों ने इस मामले में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और न्यायालय ने जिला प्रशासन को मामले को देखने का निर्देश दिया है। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना प्रशासन की चार प्रमुख इकाइयां हैं। आम लोगों की समस्याओं का समाधान इन्हीं स्तरों पर समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की शिकायत इन कार्यालयों में लंबित रहती है या उसका उचित समाधान नहीं होता है, तो वह जनता दरबार में अपनी समस्या रख सकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजनों की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और संवेदनशीलता के साथ जवाबदेही निभाएं। इसके साथ ही रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायत के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) भी जारी किया है।