रांची
राजधानी रांची से बड़ी लूट की घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी, टंगराटोली में रहने वाले एक दारोगा के घर से बदमाशों ने करीब 30 लाख रुपये नकद और ढाई सौ ग्राम सोने के जेवरात लूट लिए। मिली जानकारी के अनुसार, गोड्डा में पदस्थापित दारोगा धनंजय साही की पत्नी संजू देवी ने इस संबंध में सदर थाने में आवेदन दिया है। आवेदन के मुताबिक, 13 सितंबर की शाम संजू देवी तीज का सामान खरीदने बाजार गई थीं, जबकि उनका बेटा ट्यूशन पढ़ाने गया था। उस समय घर में उनकी बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति घर में घुस गया और बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश ने अलमारी में रखे करीब 30 लाख रुपये नकद और लगभग ढाई सौ ग्राम सोने के जेवरात लूट लिए।

पुलिस मामले की छानबीन कर रही है
परिजनों के अनुसार, यह रकम जमीन खरीदने के लिए चार भाइयों ने मिलकर रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि, जांच में एक चुनौती यह भी सामने आई है कि अलमारी पर पहले से परिवार के लोगों के हाथों के निशान मौजूद थे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें