logo

रामगढ़ के पटेल चौक पर तेज रफ्तार का कहर: खड़े ट्रक की चपेट में आया चालक, मौके पर मौत

ोममग5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास शनिवार रात करीब नौ बजे एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब चालक सड़क किनारे खड़े अपने ट्रक से उतरकर टायर की जांच कर रहा था। अचानक पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार BR 46C 1019 नंबर का ट्रक पटेल चौक के पास सड़क किनारे खड़ा था। अशोक यादव नीचे उतरकर ट्रक के टायर की स्थिति देख रहे थे, तभी हादसा हो गया।

इसी दौरान पीछे से आलू-प्याज से लदा JH 02BH 6177 नंबर का ट्रक तेज रफ्तार में आया और खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने मृतक चालक के वाहन मालिक को मोबाइल फोन के माध्यम से हादसे की सूचना दे दी है। इधर, पटेल चौक फोरलेन पर एक बार फिर तेज रफ्तार का खतरनाक रूप देखने को मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन होने के कारण इस मार्ग पर वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे पहले भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।