द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ के हिसला स्थित मेसर्स झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में हुए विस्फोट में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत के बाद श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव मृतकों के परिवार से मिलने रामगढ़ पहुंचे। इस दौरान फैक्ट्री की ओर से निर्धारित 21-21 लाख रुपये का चेक मृतकों के परिजनों को सौंपा गया। साथ ही मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से भी प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 21-21 हजार रुपये की सहायता राशि दी और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रामगढ़ विधायक ममता देवी भी मौजूद रहीं।
मंत्री ने फैक्ट्री इंस्पेक्टर और लेबर इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि वे समय-समय पर पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाते रहें। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी सहित आवश्यक खर्च सरकार वहन करेगी। साथ ही निर्देश दिया गया कि मृतक मजदूरों को जो वेतन मिल रहा था, उसे पेंशन के रूप में उनके परिवारों को दिलाया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच नियमों के तहत होगी और जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इस घटना में कुल नौ मजदूर झुलस गए थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि छह घायलों का इलाज जारी है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन मजदूरों का इलाज टाटा मेन अस्पताल में चल रहा है, जिनमें दो आईसीयू और एक बर्न वार्ड में भर्ती है, जबकि अन्य घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने रामगढ़ जाने से पहले अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी की गलती पाई गई तो उसके खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।