logo

रामगढ़ में DRDO कर्मी की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव 

्ी्द.jpg

रामगढ़
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी 35 वर्षीय कमल किशोर महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मंगलवार सुबह घर के समीप पहाड़ी क्षेत्र में पड़े से लटका उनका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। परिजनों के अनुसार कमल किशोर महतो डीआरडीओ में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और नींद नहीं आने की शिकायत भी कर रहे थे।

रात से ही परिजन कर रहे थे तलाश

ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते देखा गया था। वहीं देर रात जब परिजनों की नींद खुली तो वह अपने कमरे में नहीं मिले। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मंगलवार सुबह उनका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कमल किशोर महतो अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे। अपने पीछे वह पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
 

Tags - Ramgarh DRDO Jharkhand Police Death