द फॉलोअप डेस्क
रांची नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने आज मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान निकाली गई रैली में भारी संख्या में समर्थक, कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया। रमा खलखो रांची नगर निगम में मेयर के रूप में अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक क्षमता, आत्मीय व्यवहार और विकास को प्राथमिकता देने के लिए पहले ही अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनके नामांकन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा जोश देखने को मिला।

नामांकन कार्यक्रम में राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की भी शामिल हुईं। मंत्री दीपिका पांडेय ने अपने संदेश में कहा कि रमा खलखो के नेतृत्व में जनसेवा, विकास और समावेशी रांची के निर्माण का मजबूत संकल्प है और संगठन की शक्ति व जनता के सहयोग से रांची को एक बेहतर, प्रगतिशील और जनहितकारी नेतृत्व मिलेगा। वहीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी इसी आशय की शुभकामनाएं देते हुए रमा खलखो के संकल्प को सफल होने की मंगलकामना की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय, कुमार राजा, सुरेश बैठा सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
