द फॉलोअप डेस्क
रांची रेल मंडल के अंतर्गत रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर चल रहे रखरखाव और तकनीकी उन्नयन कार्य के कारण रेलवे ने राजधानी एक्सप्रेस समेत कुल 10 ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं। इन बदलावों में ट्रेनों के मार्ग, ठहराव और समय-सारिणी शामिल हैं, जो अलग-अलग तिथियों में लागू रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेल ट्रैक की मजबूती, स्लीपर बदलने और सिग्नल सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए यह मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है, जबकि कुछ पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। इसका असर रांची, लोहरदगा, टोरी, टाटीसिलवे, मेसरा, बरकाकाना सहित आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 20408 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस 11, 18 और 25 फरवरी तथा 4 मार्च को अपने नियमित टोरी–लोहरदगा मार्ग के बजाय टोरी–बरकाकाना होकर संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 20407 रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 7, 14, 21, 28 फरवरी और 7 मार्च को बदले हुए मार्ग से चलेगी। इसके अलावा 20407 राजधानी एक्सप्रेस 12, 19, 26 फरवरी और 5 मार्च को तथा 12453 राजधानी एक्सप्रेस 8, 15, 22 फरवरी और 8 मार्च को रांची–बरकाकाना–टोरी मार्ग से संचालित की जाएगी। चोपन–रांची एक्सप्रेस (18632) और रांची–चोपन एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी। वहीं रांची–सासाराम एक्सप्रेस (18635) भी फरवरी और मार्च के विभिन्न दिनों में बदले रूट से चलेगी।

मरम्मत कार्य के कारण हटिया–सांकी–हटिया पैसेंजर ट्रेन को एक महीने के लिए रद्द कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 58665/58666 का परिचालन 7 फरवरी से 7 मार्च तक नहीं होगा। लोहरदगा–टोरी पैसेंजर स्पेशल ट्रेन की समय-सारिणी में भी संशोधन किया गया है। ट्रेन संख्या 08111 लोहरदगा से सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए विश्रामपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08112 टोरी से दोपहर 1:05 बजे खुलकर लोहरदगा पहुंचेगी। इसके साथ ही हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18602) को भी 21 मार्च तक परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जो हटिया, रांची, गोला और जपला स्टेशन होकर संचालित होगी।