द फॉलोअप डेस्क
रांची शहर में बीयर बारों में लगातार हो रही मारपीट और हत्या की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को एसएसपी राकेश रंजन ने कोतवाली थाना परिसर में शहर के सभी बीयर बार संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बीयर बार के भीतर हुए विवाद के बाद यदि बाहर सड़क पर भी कोई आपराधिक घटना घटती है, तो इसके लिए बार संचालकों को भी जिम्मेदार माना जाएगा। उन्होंने कहा कि बार में किसी भी तरह का छोटा विवाद या मारपीट होने की स्थिति में संचालकों को तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर सूचना देना अनिवार्य होगा, ताकि बड़ी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। एसएसपी ने निर्देश दिया कि बीयर बार में कार्यरत बाउंसर और गार्ड के अलावा अन्य सभी स्टाफ का सात दिनों के भीतर पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा। बिना वेरिफिकेशन किसी को काम पर रखने पर यदि कोई घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सीधे बार संचालक की होगी और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राजधानी में 62 बीयर बार, नियमों की हो रही अनदेखी
पुलिस के अनुसार राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 62 बीयर बार संचालित हो रहे हैं। इनमें से कई बारों में नियमों का उल्लंघन करते हुए देर रात तक शराब परोसी जाती है। पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक नियमों का पालन होता है, लेकिन बाद में फिर से लापरवाही शुरू हो जाती है, जिससे आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।
.jpeg)
बीयर बार संचालकों के लिए जारी किए गए सख्त निर्देश
सभी स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा
किसी भी छोटे विवाद या मारपीट की तुरंत थाना को सूचना देनी होगी
रात 12 बजे के बाद बार बंद करना अनिवार्य, इसके बाद नशा करते ग्राहक मिले तो कार्रवाई तय
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे बार में पाए गए तो संचालक दोषी माने जाएंगे
बार में स्पष्ट रूप से संबंधित थाना और पुलिस पदाधिकारी का मोबाइल नंबर प्रदर्शित करना होगा
ग्राहकों की एंट्री रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करनी होगी