जमशेदपुर
जमशेदपुर के आदित्यपूर में 6 फ्लैट में एक ही रात हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अभी तक अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि घटना के 9 दिन बीत चुके हैं। बता दें कि आदित्यपुर के अर्थ एनक्लेव में 3 मार्च को एक साथ 6 फ्लैट में चोरी हो गयी थी। इससे यहां के लोगों में आक्रोश है। साथ ही लोग अब बिल्डर के खिलाफ भी गोलबंद होने लगे हैं। फ्लैट में रहने वालों ने बताया है कि चोरियों का एक कारण बिल्डर अजय अग्रवाल (ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड) की लापरवाही भी है।

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
लोगों ने कहा कि बिल्डर के प्रति आक्रोश बढ रहा है। साथ ही कहा कि चोरी के बाद से यहां की महिलाएं और बच्चे दहशत में हैं। लोगों ने बताया कि घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी बिल्डर फोन नहीं रीसिव कर रहा है। लगातार कॉल जाने के बाद भी अब तक ना बिल्डर ने पीड़ितों से संपर्क किया और ना ही उसका कोई आदमी एनक्लेव के लोगों से मिलने आया। लोगों ने बताया कि नौ सालों में भी बाउंड्री वॉल कंप्लीट नहीं की गयी है। कहा कि प्रोजेक्ट कंप्लीट कर हैंड ओवर नहीं किया गया है। कई बार बिल्डर से मुलाकात कर जरूरी कार्य और सुरक्षा मुहैया करने की गुजारिश की जा चुकी है।

लोगों ने बताई अपनी मांगें
लोगों ने चोरी के लिए बिल्डर अजय अग्रवाल की नेगलिजेंस को जिम्मेवार बताया है। साथ ही मांग की है कि पीड़ितों को हुए नुकसान के लिए बिल्डर मुआवजा दे। साथ ही 15 दिनों के अंदर प्रोजेक्ट का अधूरा कार्य पूरा कर इसे हैंडओवर किया जाये। ऐसा नहीं होने पर यहां के सभी रहवासी बिल्डर के खिलाफ रेरा में केस करेंगे। साथ ही साथ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे। बता दें कि बीती रात एसडीपीओ, आदित्यपुर और आरआईटी थाना प्रभारी दल बल के साथ आ कर घटनास्थल का जायजा ले चुके हैं।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -
https://chat।whatsapp।com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn