logo

पुलिस एसोसिएशन ने की बोकारो SP को बर्खास्त करने की मांग,  28 पुलिसकर्मियों के निलंबन पर जताई नाराजगी

a10111.jpg

बोकारो:

बोकारो जिला के पिंडराजोरा थाना में थाना प्रभारी और पुष्पा हत्याकांड में जांच अधिकारी समेत कुल 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने से झारखंड पुलिस एसोसिएशन नाराज है। पुलिस  एसोसिएशन ने अब बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह को बर्खास्त करने की मांग की है। पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि जांच में लापरवाही बरतने के दोषी अधिकारियों को निलंबित करना न्यायसंगत है, लेकिन थाने के सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का फैसला कहां तक न्यायसंगत है।  पुलिस एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि पुष्पा हत्याकांड की समीक्षा और उचित कार्रवाई करने में एसपी विफल हुए हैं। अब कानून व्यवस्था पर अपना नियंत्रण और विफलता छुपाने के लिए थाने के सभी 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। एसोसिएशन ने कहा कि अपने सदस्यों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए हम किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों का निलंबन वापस लेने की मांग करते हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग में पारदर्शिता बरतने की मांग की है। 

क्या है बोकारो का पुष्पा मिसिंग केस
गौरतलब है कि बोकारो के पिंडराजोरा थानाक्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह गांव की 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी महतो 21 जुलाई 2025 को लापता हो गई थी। 11 अप्रैल 2026 को उसका नरकंकाल चाकुलिया पंचायत के मधुटांड़ जंगल में मिला। इस केस में  पिंडराजोरा थाना पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने और आरोपी के साथ संदिग्ध रिश्तों का आरोप लगाया। खबरें आई कि केस के आईओ और थाना प्रभारी समेत बाकी पुलिसकर्मी, पुष्पा मिसिंग केस के मुख्य संदिग्ध दिनेश कुमार महतो के साथ जाम टकराया करते थे। एसपी ने 12 जुलाई को पिंडराजोरा थाना की पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच की कार्रवाई शुरू की। पुलिस एसोसिएशन एसपी के इस एक्शन से नाखुश है। 

पुष्पा को ढूंढ़ने में नाकाम रही थी पुलिस
दरअसल, कहा जा रहा है कि पुष्पा मिसिंग केस में  पुलिस ने पहले प्राथमिकी दर्ज करने में देरी की। 4 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया लेकिन छानबीन नहीं की। न तो टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया और ना ही मानवीय और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों कीदिशा में जांच आगे बढ़ाई। जब रांची में अंश और अंशिका मिसिंग केस को लेकर मीडिया कवरेज की वजह से सुर्खियां बनी तो बोकारो का पुष्पा मिसिंग केस भी हाईलाइट हुआ। हाईकोर्ट ने केस में  संज्ञान लेकर डीजीपी को फटकार लगाई तो विशेष एसआईटी का गठन हुआ। इस टीम ने महज 2 दिन के भीतर पूरे कांड का खुलासा कर लिया और पाया कि आरोपी दिनेश ने ही पुष्पा की हत्या की। 
 

Tags - Bokaro SPBokaro SP Harwinder SinghBokaro Pushpa Murder CasePushpa Murder CasePushpa NewsPushpa News UpdateJharkhand PoliceJharkhand Police Association